फतेहपुर(खागा)। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने जिस आर्यन की दुकान पर रुककर चाय पी और उसकी तारीफ में कसीदे पढ़े, अब वही दुकान प्रशासन के रडार पर है। सोशल मीडिया पर किये जा रहे दावों के अनुसार, फूड सेफ्टी विभाग ने दुकान पर धावा बोलकर चाय के सैंपल लिए हैं और एल्युमिनियम के बर्तनों का हवाला देकर दुकान सील करने की चेतावनी दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या यह सामान्य जांच है या अखिलेश यादव के वहां चाय पीने का नतीजा?
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने फतेहपुर दौरे के दौरान खागा तहसील के चौकी चौराहा स्थित ‘शेषमन की फेमस चाय’ दुकान पर रुके थे। उन्होंने चाय पी और उसकी सराहना करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट भी किया।
दुकान संचालक शेषमन यादव के बेटे आर्यन यादव ने उन्हें कुल्हड़ में चाय परोसी थी। चाय पीने के बाद अखिलेश यादव ने उसकी गुणवत्ता की तारीफ की और आर्यन के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की।
बताया जाता है कि 20 फरवरी को अखिलेश यादव खागा तहसील के अफोई गांव में पूर्व विधायक मोहम्मद शफीर से मिलने गए थे। वापसी के दौरान चौकी चौराहा पहुंचने पर उन्होंने चाय पीने की इच्छा जताई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें इस दुकान के बारे में बताया, जिसके बाद वे वहां पहुंचे।
आर्यन यादव सोशल मीडिया पर अपने कॉमिक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं और उन्होंने खुद अखिलेश यादव को चाय परोसी थी। अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद दुकान पर हुई कार्यवाही को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। लोग सोशल मीडिया पर इसे राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं।











