Unnao News: ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर शुक्रवार को जनपद उन्नाव में ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवकों ने निराला उद्यान से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी को सौंपा गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों का लगातार शोषण किया जा रहा है। कई-कई महीनों तक मानदेय का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और बुजुर्ग माता-पिता के इलाज जैसी समस्याएं खड़ी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों के मानदेय से कई वर्षों से ईपीएफ की कटौती की जा रही है, लेकिन संबंधित धनराशि खातों में जमा नहीं की जा रही है। इससे दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ग्राम रोजगार सेवकों को मात्र 7,788 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है, वह भी 12 से 13 महीने तक लंबित रहता है। अक्टूबर 2021 में मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान में की गई घोषणाएं अब तक लागू नहीं हुई हैं। इसी के विरोध में ग्राम रोजगार सेवक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 3 दिसंबर को लखनऊ में निर्णायक आंदोलन किया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी रामजी यादव एवं जिला प्रभारी चमन बाबू ने कहा कि एसएनए स्पर्श भुगतान प्रणाली लागू होने के बाद से समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा है। दीपावली जैसे पर्व पर भी श्रमिकों की मजदूरी और कर्मचारियों का मानदेय समय से नहीं मिल सका।
जिला संगठन मंत्री सत्यनारायण विश्वकर्मा ने कहा कि श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी भी समय से नहीं मिल रही है, जबकि अधिक से अधिक श्रमिकों को काम पर लगाने के लिए ग्राम रोजगार सेवकों पर दबाव बनाया जाता है। वहीं जिला महामंत्री अजीत कुमार ने कहा कि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो प्रदेशभर के ग्राम रोजगार सेवक 3 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।
जिला संयोजक हरीकरण यादव ने भी कर्मचारियों से एकजुट होकर लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया।
ज्ञापन में ये चार मांगें प्रमुख रहीं।
• ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय न्यूनतम 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए और भुगतान के लिए पृथक बजट की व्यवस्था हो।
• ग्राम रोजगार सेवकों एवं उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।
• ग्राम रोजगार सेवकों के लिए एचआर पॉलिसी लागू की जाए।
• ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम्य विकास के समस्त कार्य जॉब चार्ट में शामिल करते हुए पदनाम ग्राम विकास सहायक किया जाए।
प्रदर्शन में हरिश्चंद्र, राहुल सिंह, संजय यादव, कमलेश कुमार, रामेंद्र यादव, कमल तिवारी, हेमलता सिंह, संगीता यादव, प्रमिल, गीता वर्मा, जहारून निशा, पुष्पांजलि, पूजा कुशवाहा, गोविंद शंकर, राकेश कुमार, पुष्पेंद्र मिश्रा, संतोष कुमार, चंद्र नारायण त्रिपाठी, राजेश सिंह भदौरिया, नीलम, वंदना सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।











