Unnao News: जनपद उन्नाव में ग्राम रोजगार सेवक अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में 23 नवंबर से 30 नवंबर तक कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर रहेंगे। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा, उत्तर प्रदेश की जनपद इकाई उन्नाव की ओर से इस संबंध में पत्र जारी कर मीडियाकर्मियों से सहयोग की अपील की है।
मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने पत्र में जारी कर बताया कि VB-G RAM G के विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान जनपद के समस्त ग्राम रोजगार सेवक अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर रहेंगे।
पत्र में योजना के क्रियान्वयन को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। मोर्चा का आरोप है कि कुछ अधिकारियों द्वारा अनधिकृत व्यक्तियों के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराई जा रही है। साथ ही श्रमिकों की मांग के बिना उनके नाम से फर्जी मस्टर रोल जारी किए जाने जैसी अनियमितताएं भी सामने आ रही हैं।
मोर्चा ने इन गतिविधियों को मनरेगा एवं VB-G RAM G योजना में गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार बताते हुए मीडिया कर्मियों से विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान जनपद की सभी ग्राम पंचायतों पर नजर रखने की अपील की है।
पत्र के माध्यम से कहा गया है कि यदि किसी भी ग्राम पंचायत में फर्जी उपस्थिति या फर्जी मस्टर रोल से संबंधित जानकारी मिलती है, तो उसे समाचार पत्र, चैनल और पोर्टल के माध्यम से प्रमुखता से प्रकाशित कर शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाए।
मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि मीडिया कर्मी सच्चाई और न्याय के पक्ष में खड़े होकर ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
अब देखना होगा कि ग्राम रोजगार सेवकों की इस हड़ताल और योजना में कथित अनियमितताओं के आरोपों पर शासन-प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।











