उन्नाव। विधान परिषद के कानपुर खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजबहादुर सिंह चंदेल ने लगातार छठवीं बार चुनाव जीतकर पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। उनकी अभूतपूर्व विजय से शिक्षकों में उत्साह की लहर है। श्री चंदेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी हेमराज सिंह गौर को डेढ़ हजार से भी अधिक मतों से पराजित किया।
माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार शुक्ल ने शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सन 1992 व 1998 और 2004 में श्री चंदेल शिक्षक संघ के शर्मा गुट से अधिकृत प्रत्याशी थे। वर्ष 2010 में शर्मा गुट ने उनका टिकट काट दिया था। तब वह शिक्षकों की भावनाओं के सम्मान में निर्दलीय रूप से चुनाव लड़े और विजई हुए। एक नए संगठन को विस्तार देने में उन्होंने योगदान दिया। सन 2017 में भी उनका मुकाबला शर्मा गुट से ही हुआ था और संयोग है कि इस बार भी मुख्य प्रतिद्वंदी शिक्षक संघ का शर्मा गुट ही रहा है।
श्री शुक्ल ने जानकारी दी कि श्री चंदेल यूपी बोर्ड के सदस्य और शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व जिला मंत्री तथा मंडलीय मंत्री भी रहे हैं। अभूतपूर्व तथ्य यह है कि कानपुर खंड शिक्षा क्षेत्र से श्री चंदेल के पूर्व कोई भी प्रत्याशी दो बार तक निर्वाचित नहीं हो सका। जबकि श्री चंदेल ने इसी क्षेत्र से लगातार छह बार चुनाव जीतकर नया इतिहास रच दिया है। वार्ता के समय उनके साथ राकेश कुमार शुक्ल, रजनीश कुमार शुक्ला, समीर पांडेय, विनय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण निषाद, रिजवान अहमद, अफसार खा, गौरव बाजपेई व विपिन द्विवेदी आदि शिक्षक एवं प्रबंधक मौजूद थे।