Unnao News: शासन की मंशा के अनुरूप “मिशन शक्ति” अभियान एवं “मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना” के संयुक्त तत्वावधान में एक निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रकाश पांडेय ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य मेधावी व प्रतियोगी छात्रों (सिविल सेवा व पीईटी ,पीसीएस ,आदि) को नि:शुल्क व गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देना है, जिससे ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रदीप कुमार भारतीय पुलिस सेवा 2024 बैच (IPS) एएसपी सर्किल बीघापुर ने सिविल सेवा जैसी सिविल से पीसीएस परीक्षाओं की तैयारी के तौर-तरीकों, सही रणनीति और निरंतरता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिससे अभ्यर्थियों का मनोबल बढ़ा। इसके साथ ही कार्यक्रम में डॉ. आशीष श्रीवास्तव, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रकाश पांडेय , महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह, तथा मिशन शक्ति प्रभारी संतोष सिंह उपस्थित रहे। साथ ही, कोर्स कॉर्डिनेटर डी.के. रावत, अनुपम सिंह, शुभम सिंह,ज्योत्स्ना श्रीवास्तव, गौरव शर्मा, वैशाली यादव और अंजली शुक्ला, आकाश तिवारी बतौर विशेषज्ञ शामिल हुए। इस दौरान महिला थाना प्रभारी व निरीक्षक ने बालिकाओं को सुरक्षा हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं, प्रतियोगी परीक्षा सत्र में सिविल सेवा व पीईटी के छात्रों को परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत मलय सिंह को पुलिस पद पर तथा दीपेंद्र गौतम को होमगार्ड पद पर अंतिम चयन होने पर सम्मानित किया गया।











