उन्नाव। बदरका-अचलगंज मार्ग पर आटा बंथर के पास सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को इनकी गहराई का अंदाजा तक नहीं लग पाता।
वाहन चालकों को आए दिन इन गड्ढों से होकर गुजरना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी खतरनाक बनी हुई है। कब कोई बड़ा हादसा हो जाए, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। सड़क की हालत देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन जिले के आला अधिकारी और जिम्मेदार विभाग मौन हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय विकास और सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। बदरका-अचलगंज मार्ग के इन जानलेवा गड्ढों को जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी ! जनहित में सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने की जरूरत है।
आशीष कुमार रिपोर्टः











