Unnao News: बांगरमऊ के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम पिडना में मारपीट की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया और सरकारी वाहन पर पथराव किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और वे किसी तरह जान बचाकर मौके से निकल सके। पीडित शिवम और ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम पिड़ना निवासी शिवम कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार सुबह गांव के ही कुछ लोग उसकी टीन पर ईंटें फेंकने लगे। विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट की गई। घटना की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने ग्राम प्रधान कप्तान सिंह के घर सामने दोनों पक्षों को बुलाकर घटना के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया। तभी विपक्षीगण पुलिस से भी भिड़ गए और सरकारी वाहन पर हमला कर दिया । दबंग के इस हमले से पुलिस टीम में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन पीआरवी पुलिस कर्मी वहां से निकल भागे l शिवम ने विपक्षियों पर ग्राम प्रधान को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वही ग्राम प्रधान कप्तान सिंह ने भी पुलिस को तहरीर देकर विपक्षियों पर चार दिन के भीतर सिर काट लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अनिल कुमार यादव











