उन्नाव। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र अपनी पत्नी मीरा मिश्र के साथ बक्सर स्थित मां चंदिका देवी दरबार में पहुंचे। शिव मंदिर में रुद्राभिषेक कर लोक कल्याण लोक मंगल की कामना की। मुख्य सचिव के बक्सर पहुंचने पर उन्नाव व फतेहपुर जनपद का सरकारी अमला मौजूद रहा। विधायक आशुतोष शुक्ल ने अपने समर्थकों के साथ मुख्य सचिव दंपति का भव्य स्वागत किया। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव नए वर्ष के शुभारंभ पर प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थान मां चंडिका देवी दरबार में पहुंचकर मां गंगा का पूजन अर्चन कर मां चंदिका देवी का पूजन किया। साथ ही शिव मंदिर में रुद्राभिषेक वैदिक विद्वान आचार्य की मौजूदगी में किया। पूजा अर्चना के बाद मंदिर के हाल में एक सैकड़ा गरीब महिलाओं को मिष्ठान व भोजन कराकर कंबल प्रदान कर महिलाओं को प्रणाम कर उनसे आशीर्वाद लिया। मुख्य सचिव ने कहा कि शक्ति पीठ चंदिका देवी मंदिर में आकर देश व प्रदेश के लोक कल्याण व लोक मंगल के लिए पूजा अर्चना की है। हमारी धार्मिक परंपरा और संस्कृति सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया की रही है। विश्व मे बढ़ रहे कोविड संक्रमण के बारे में पूछे जाने पर बताया कि पूर्व में भी उत्तर प्रदेश सरकार ने कोविड नियंत्रण के लिए बेहतर कार्य किया है।भविष्य में कोविड से निपटने के लिए शासन की पूरी तैयारी है।
…. रिपोर्ट – अर्जुन तिवारी