Unnao News: विकास खण्ड सुमेरपुर की ग्राम पंचायत बक्सर में विकास कार्यों एवं ग्रामीण समस्याओं को लेकर सवाल उठाने के बाद एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बक्सर निवासी विशाल द्वारा ग्राम प्रधान से अपने क्षेत्र में खराब पड़े हैंडपंप को ठीक कराने की मांग की गई थी। इसके साथ ही विशाल द्वारा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए आए सरकारी धन के संबंध में भी सवाल उठाए गए और यह पूछा गया कि जब विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध है तो कार्य समय से क्यों नहीं कराए जा रहे हैं।
विशाल के आरोप के अनुसार, इसी बात को लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामबदन, उनके पुत्र शुभम तथा अन्य लोगों द्वारा उसके घर जाकर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद विशाल और उसके परिवार में भय का माहौल होने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गाँव में यदि कोई नागरिक हैंडपंप, सड़क, नाली, सफाई या अन्य विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाता है तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए। किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।











