Unnao News: सेंट जूड्स कॉलेज के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को विद्यालय परिसर में ‘हेल्थ रन 2026, स्वास्थ्य के लिए दौड़ें, फिटनेस के लिए दौड़ें, एक स्वस्थ उन्नाव के लिए दौड़ें’ थीम पर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना था।
विद्यालय की प्रबंधक अरिशा अजीम ने बताया कि इस दौड़ में उन्नाव जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया। प्रतियोगिता के लिए लगभग 550 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। सुबह 6:30 बजे शुरू हुई यह दौड़ लगभग 7:00 बजे संपन्न हुई।
‘रन फॉर हेल्थ’ के अंतर्गत लगभग 3.5 किलोमीटर की निर्धारित दूरी तय की गई। दौड़ का प्रारंभिक बिंदु सेंट जूड्स सीबीएसई स्कूल ग्राउंड, दरोगा बाग रहा। निर्धारित मार्ग आशा हॉस्पिटल हाउस, हरदोई फ्लाईओवर से होते हुए सेंट जूड्स कॉलेज स्कूल ग्राउंड, पीतांबर नगर, उन्नाव पर समाप्त हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ इसमें भाग लिया।‘हेल्थ रन 2026’ ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और नियमित व्यायाम ही बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के साथ-साथ समाज को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अनुपम यादव को ₹15,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पंकज को ₹10,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने कुलदीप यादव वाले को ₹5,000 की चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त चौथा स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को भी चेक प्रदान की गई। दौड़ में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक तंदुरुस्ती, संतुलित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराना भी था। दौड़ के समापन के बाद विद्यार्थियों को योग, नियमित व्यायाम तथा स्वास्थ्य एवं औषधियों से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर मुख्य अतिथि डॉ. अमित गौरिया,अंतरराष्ट्रीय योग और जीवनशैली कोच ने विद्यार्थियों को खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंधक अरिशा अजीम, फहद अजीम, सेंट जूड्स विधि महाविद्यालय के प्रबंधक सुल्तान अहमद, विद्यालय की प्रधानाचार्या ऋचा शर्मा सिंह, विभागाध्यक्ष अनुपम सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।











