उन्नाव। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मोती नगर, उन्नाव में सेवायोजन विभाग द्वारा करियर काउंसलिंग, नारी सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन विषयक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, उन्नाव द्वारा संयुक्त रूप से सहभागिता की गई।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या दीपशिखा मिश्रा एवं जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा के निर्देशन में किया गया। इस आयोजन में लगभग 195 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
सहायक सेवायोजन अधिकारी, आस्था सिन्हा ने छात्राओं को अपने करियर चयन में SWOT विश्लेषण (ताकत, कमजोरियाँ, अवसर एवं चुनौतियाँ) के उपयोग के लिए प्रेरित किया तथा आत्म-मूल्यांकन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को सूचित एवं विवेकपूर्ण निर्णय लेने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
अनुपम सिंह, अतिथि प्रवक्ता, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, उन्नाव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि सही समय पर करियर का चयन कर उसे उचित दिशा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक योग्यता एवं समर्पण महत्वपूर्ण होते हैं। साथ ही उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु उपलब्ध निःशुल्क कोचिंग की जानकारी प्रदान की तथा छात्राओं को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत इच्छुक छात्र/छात्राएँ स्काउट भवन (डायट), उन्नाव स्थित केंद्र अथवा अभ्युदय कार्यालय में जाकर पंजीकरण कर इस निःशुल्क कोचिंग योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत इंटरमीडिएट के उपरांत NDA, CDS, NEET, पुलिस, रेलवे, बैंकिंग, SSC, UPSC आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मार्गदर्शन एवं कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रवक्ता रिचा माहेश्वरी, पूजा शुक्ला एवं रश्मि मिश्रा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में तैयारी करने वाली छात्राओं को समय-समय पर पूर्ण सहयोग, निःशुल्क कोचिंग एवं करियर काउंसलिंग उपलब्ध कराई जाएगी।












