आटा बंथर, उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंथर से एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बंथर निवासी रामशरण पुत्र स्वर्गीय मानू अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से परियर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने बीमार बहनोई को देखने गए थे।
बताया जा रहा है कि अस्पताल से वापस लौटते समय जब वे गंगा बैराज के रास्ते अपने घर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और रामशरण की पत्नी उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं। हादसे में उनके चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रामशरण को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, जबकि घायल रामशरण को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे में महिला की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
✍️ आशीष कुमार रिपोर्टः











