Unnao News: जनपद के विकास खंड फतेहपुर चौरासी की ग्रामसभा सुसुमऊ में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण नदी का जल स्तर बढ़ने से ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के अंदर पानी भरा हुआ है , जिससे पूरी ग्राम पंचायत बाढ़ से प्रभावित है। ग्राम सभा के बाढ़ प्रभावित होने से ग्रामीणों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, बाढ़ के कारण हो रही समस्याओं से तंग आकर ग्राम सभा सुसुमऊ के बाशिंदों ने जिला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी के माध्यम से दिया। ज्ञापन देने वालों में पूर्व प्रधान के पुत्र एड. सुधीर कुशवाहा ने बताया कि ग्राम पंचायत सुसुमऊ में राजस्व विभाग , लेखपाल, कानूनगो कोई भी अधिकारी स्थानीय निरीक्षण अथवा सर्वे के लिए नहीं पहुंचा है और न ही कोई सहायता व राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है जिसका तत्काल स्थानीय निरीक्षण करवाया जाये, लेखपाल को निर्देशित कर बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को तत्काल समुचित राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
उप जिलाधिकारी ने आश्वासन देते हुए कहा कि समस्याओं का जल्द से जल्द निदान कर उचित सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में एड. सुधीर कुशवाहा, एड. राजीव रतन राजवंशी, एड. महेश कुमार, एड. राजवीर यादव, एड. विजय कुशवाहा, अगम देव सिंह, राजेंद्र यादव, एड. धीरेंद्र सिंह सेंगर आदि लोग उपस्थित रहे।












