Unnao News: पैक्स समितियों में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित एवं समयबद्ध वेतन दिलाने की मांग को लेकर निराला पार्क में कर्मचारियों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न बी-पैक्स समितियों के कर्मचारियों ने भाग लेकर वेतन संबंधी समस्याओं को रखा।
बैठक के बाद कर्मचारियों की ओर से सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता, उन्नाव को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कर्मचारियों ने वर्तमान लागू वेतनमान के अनुसार राजकोषीय सहायता से नियमित एवं समयबद्ध वेतन उपलब्ध कराने की मांग की।
कर्मचारियों ने बैठक में बताया कि प्रदेश संगठन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर 2026 को लखनऊ स्थित आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता कार्यालय पर प्रदर्शन एवं घेराव किया जाएगा। कार्यालय घेराव में उन्नाव से भी कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष शिवनरायण तिवारी, जिला महामंत्री बालेश कनौजिया, उपाध्यक्ष हीरालाल, अनित जायसवाल, सुमित पाल, प्रदीप पाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।











