ब्यूरो/रिपोर्ट
*टीकमगढ़।* जिले में शराब दुकानों पर लगातार हो रहे विवाद, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटनाओं से लाइसेंसी शराब ठेकेदारों में दहशत है। मंगलवार को परेशान ठेकेदारों ने जिला आबकारी अधिकारी और पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने दोषियों पर लूट की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज करने का आग्रह भी किया है।
ठेकेदारों ने ज्ञापन में बम्होरी बराना सहित अन्य जगहों पर हुई घटनाओं का जिक्र किया। उनका आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वाले लोग ग्रामीणों को भड़काकर लाइसेंसी दुकानों पर हमले करवा रहे हैं।
*बम्होरी में 2.20 लाख की लूट, आगजनी*
ज्ञापन के अनुसार बम्होरी बराना में उपद्रवियों ने दुकान में घुसकर शराब और करीब 2 लाख 20 हजार रुपए की बिक्री राशि लूट ली। इस दौरान संपत्ति में आग लगा दी गई और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई।
*क्या है ठेकेदारों की मांग?*
लाइसेंसी ठेकेदारों की मुख्य मांग है कि बम्होरी बराना सहित अन्य घटनाओं में शामिल उपद्रवियों पर लूट की सख्त धाराओं में केस दर्ज किया जाए। सभी शराब दुकानों और कर्मचारियों को पूरी पुलिस सुरक्षा दी जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस और प्रशासन सुरक्षित माहौल नहीं दे पाता है, तो वे दुकानों को बंद कराकर अपनी जमा राशि और बैंक गारंटी वापस लेंगे। ठेकेदारों का कहना है कि डर के माहौल में दुकानों को ठीक से चलाना मुश्किल है। यदि ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं, तो सरकार को आबकारी राजस्व का बड़ा नुकसान होगा।
इस मामले में जिला आबकारी अधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि उन्होंने ठेकेदारों की समस्याओं को लेकर पुलिस प्रशासन से बात की है। पुलिस मामले में जांच और कार्रवाई कर रही है।











