जिला ब्यूरो/मनोज सिंह
टीकमगढ़। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा टीकमगढ़ ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संघ ने कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों के कारण शिक्षकों को आर्थिक एवं प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि संकुल केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव धसान को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजनौर में मर्ज किए जाने के चार माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाएं अब तक अजनौर संकुल में उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इसके चलते शिक्षकों के वित्तीय स्वत्व, 12 वर्षीय क्रमोन्नति, महंगाई भत्ता एरियर एवं अन्य देयकों का भुगतान प्रभावित हो रहा है। संघ ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने कक्षा 9वीं एवं 11वीं की परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों को अर्जित अवकाश का लाभ प्रदान करने के लिए जिला स्तर पर आदेश जारी करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश के अन्य जिलों में इस संबंध में आदेश जारी हो चुके हैं, इसलिए टीकमगढ़ जिले के शिक्षकों को भी समान सुविधा मिलनी चाहिए।
इसके अलावा संघ ने शिक्षकों को प्रतिवर्ष गोपनीय चरित्रावली (सीआर) की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि संविलियन, पदोन्नति एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के दौरान शिक्षकों को सीआर प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की हानि होती है।
राज्य कर्मचारी संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके और शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो।









