Unnao News: जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पाण्डेय ने बताया है कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सम्मान समारोह में उन्नाव के मेधावी विद्यार्थियों का गौरव बढ़ा, विधायक पंकज गुप्ता ने चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया।
पंकज गुप्ता ने चयनित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी उपलब्धियों को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया।
समारोह के दौरान प्रवर्तन कांस्टेबल के पद पर अंतिम रूप से चयनित दीपक सिंह तथा उत्तर प्रदेश होमगार्ड पद पर अंतिम रूप से चयनित आकांक्षा उपाध्याय को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में निष्ठापूर्वक सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर विधायक पंकज गुप्ता ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता समाज और जिले के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना जैसी पहल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन एवं आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ अनुपम सिंह, शुभम सिंह, गौरव सिंह, दीपांशु वैशाली यादव सहित अन्य शिक्षक एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे। सभी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा अन्य अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना रहा। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।











