Unnao ऋषि नगर के सामने ई-रिक्शा चालक और कार सवार के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। महिला की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन पर मामला दर्ज किया है। शुक्लागंज-उन्नाव फोरलेन मार्ग पर ऋषि नगर के सामने एक कार सवार जा रहा था, तभी ई रिक्शा को टक्कर लग गई। इस पर ई रिक्शा चालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस बीच आरोप है कि कार में सवार लोग नीचे उतरे और ई-रिक्शा चालक से मारनेलगे। इस दौरान फोरलेन पर जाम की स्थिति बन गई। बीच बचाव करने आई ऋषि नगर निवासी रीता कश्यप को मारा पीटा। इस पर उसने गंगाघाट कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ऋषि नगर निवासी संजय तिवारी समेत तीन पर केस दर्ज किया है। वहीं, संजय तिवारी ने बताया कि उनके चाचा का बेटा कार निकाल रहा था। ई रिक्शा चालक नशे में धुत होने के कारण अकारण गाली गलौज करने लगा। विरोध किया तो रिक्शा चालक युवक ने यूनियन कर्बाइड निवासी अनूप दीक्षित के सिर पर ईंट मार दी, जिससे उसका सिर फट गया। इस पर वह बीच बचाव करने लगे। संजय ने बताया कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर महिला ने उनके खिलाफ तहरीर दी है। जबकि वह मारपीट में बीच बचाव कर रहे थे। हालांकि महिला की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर गंगा घाट ने बताया कि विवेचक द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। उचित कार्यवाही की जायेगी।
उन्नाव से टीवी भारत जिला संवाददाता अरविंद तिवारी की रिपोर्ट