Unnao News: जनपद के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसा सामने आया। राजेपुर से बरुआघाट मार्ग के बीच तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे लगे हाई टेंशन विद्युत लाइन के पोल से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाई टेंशन लाइन का विद्युत पोल टूट गया, जबकि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते बोलेरो सीधे सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से जा भिड़ी। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई राहगीर पोल के आसपास मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। क्षतिग्रस्त विद्युत पोल के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है ताकि क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर नया पोल लगाया जा सके और बिजली व्यवस्था जल्द बहाल की जा सके।
फिलहाल हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
… रिपोर्ट- अनिल कुमार यादव











