Unnao News: बांगरमऊ में गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा का आगमन गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने एवम गौवंश संरक्षण हेतु जन-जागरण करने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज 10 जुलाई को बांगरमऊ विधान सभा के हाफिज़ाबाद स्थित बाबा बलखंडेश्वर मंदिर व् परशुराम मंदिर प्रांगण में सुबह 10 बजे गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा लेकर पहुंचेंगे।
यात्रा के प्रभारी डॉक्टर शशांक शेखर शुक्ला व संयोजक आचार्य ऋषि कांत मिश्रा ने यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा हर उस व्यक्ति को जोड़ने का प्रयास है जो की गौ माता का सम्मान करता है और बांगरमऊ में यात्रा के स्वागत में हर धर्म और जाति से लोग उल्लासपूर्वक जुड़ रहे हैं। साथ ही शशांक शुक्ला ने क्षेत्र की जनता से निवेदन किया कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में 10 जुलाई को सुबह 10 बजे बाबा बलखंडेश्वर मंदिर पहुंचकर शंकराचार्य जी के आशीर्वचनों को सुने व् उनका आशीर्वाद प्राप्त करे।
आचार्य ऋषिकांत ने बताया कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश कि सभी 403 विधान सभाओं से होकर गुजरेगी व् गौवंश संरक्षण हेतु जन-जागरण का कार्य करेगी। यात्रा में प्रमुखता से सहयोग कर रहे पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ल ने बताया कि यात्रा को लेकर जनता में बेहद उत्साह है हिन्दू- मुस्लिम, सिक्ख-ईसाई सभी धर्मों के लोग यात्रा से जुड़ रहे है जो कि बांगरमऊ की गंगा जमुनी तहज़ीब की पहचान है।
.….. रिपोर्ट- अनिल कुमार यादव












