Unnao News: विकासखंड सिकंदरपुर सरोसी क्षेत्र के ग्राम कनिकामऊ स्थित सत्ती माता दरबार में आयोजित श्री गणेश महोत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ गणेश प्रतिमा के विसर्जन के साथ हुआ। गणेश विसर्जन के अवसर पर गांव में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश जी की प्रतिमा को लेकर विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।
विसर्जन यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु उत्साह के साथ झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने गणेश जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। पूरे रास्ते “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं ने गणेश जी की प्रतिमा को फूल-मालाओं से सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धा और भावुकता के साथ प्रतिमा को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के समय श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से परिवार और गांव में सुख-शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
इस दौरान महिलाओं, बच्चों और युवाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गणेश सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित महोत्सव का समापन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। प्रतिमा विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की कामना की और “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ भक्तों ने भगवान गणेश को भावपूर्ण विदाई दी।











