उत्तर प्रदेश उन्नाव। जिले में लगातार हुई भारी बारिश से किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। कई इलाकों में खेतों में पानी भर जाने से सब्जियों और धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों के मुताबिक, पत्ता गोभी और फूलगोभी जैसी कई सब्जियों की फसल तैयार होने से पहले ही पानी में खराब हो गई।
बारिश के कारण खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से सब्जियों की फसल सड़ने लगी है। वहीं कई क्षेत्रों में धान के खेत भी पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। खेतों में अधिक पानी भर जाने से धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने से पहले ही खराब हो जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। एक ओर खेती में लगी लागत वापस आने की चिंता है, तो दूसरी ओर लगातार बारिश के कारण खेतों से पानी निकलने में भी परेशानी हो रही है।
किसानों ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और पात्र किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। अब किसानों की नजर प्रशासन की ओर है कि फसल नुकसान का सर्वे कब शुरू होता है और उन्हें राहत कब मिलती है।
आशीष कुमार रिपोर्टः











