Unnao News: उत्तर प्रदेश जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद उन्नाव के अध्यक्ष/जिला संयोजक कृष्ण शंकर मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए।
संघ द्वारा सदस्य विधान परिषद राज बहादुर सिंह चंदेल एवं विधायक पंकज गुप्ता को ज्ञापन दिया,ज्ञापन में मांग की गई कि बेसिक शिक्षा विभाग में प्रस्तावित नई शिक्षक भर्ती से पूर्व वर्षों से लंबित अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया को पूर्ण कराया जाए। संघ का कहना है कि प्रदेश के हजारों शिक्षक वर्षों से अपने गृह जनपद से दूर सेवाएं दे रहे हैं, जिससे उन्हें पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि पहले स्थानांतरण कराए जाएं और उसके बाद रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां की जाएं, तो एक ओर शिक्षकों की मानवीय समस्या का समाधान होगा, वहीं दूसरी ओर शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित छात्र-शिक्षक अनुपात (PTR) भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।
इसके अतिरिक्त संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उन्नाव को सौंपे गए ज्ञापन में जनगणना कार्य की प्रगति के आधार पर शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के वेतन/मानदेय रोकने तथा प्रतिकूल प्रविष्टि जैसी दंडात्मक कार्यवाहियों पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। संघ ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत व्यापक एवं चुनौतीपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसकी प्रगति अनेक भौगोलिक, प्रशासनिक एवं व्यावहारिक परिस्थितियों से प्रभावित होती है। ऐसे में मात्र प्रतिशत आधारित प्रगति को आधार बनाकर कर्मचारियों की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना न तो न्यायोचित है और न ही वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप।
संघ ने यह भी इंगित किया कि विभिन्न प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवंटित कार्यभार में पर्याप्त असमानता है। कहीं 400 से 500 से अधिक हाउस लिस्टिंग ब्लॉक आवंटित किए गए हैं तो कहीं अपेक्षाकृत कम कार्यभार है। ऐसी स्थिति में समान समयावधि में समान प्रगति की अपेक्षा व्यवहारिक नहीं है। जनगणना कार्य की सफलता में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है तथा शेष कार्यों के सफल निष्पादन के लिए सहयोगात्मक एवं प्रोत्साहनात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाना आवश्यक है।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि जनगणना कार्य की वास्तविक परिस्थितियों एवं प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए वेतन/मानदेय अवरोधन एवं अन्य प्रतिकूल कार्यवाहियों संबंधी आदेशों पर पुनर्विचार कर उन्हें तत्काल निरस्त किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल नवागत वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक पीयूष सिंह से भेंट करके शुभकामनाएं प्रेषित की तथा अंतर्जनपदीय शिक्षकों की सेवापुस्तिका के आधार पर चयन वेतनमान निर्धारण का अनुरोध किया जिस पर प्रकरण को शीघ्र निस्तारित करने का आश्वासन दिया।
जिला संयोजक कृष्ण शंकर मिश्र ने कहा कि शिक्षक समाज सदैव राष्ट्र निर्माण एवं शासन की प्राथमिकताओं के सफल क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। शिक्षकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाकर ही प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच सकारात्मक वातावरण कायम रखा जा सकता है।
प्रतिनिधि मंडल में प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कनौजिया,संयोजक जितेंद्र सिंह चंदेल ,विनीत बाजपेई ,सुमेरपुर महामंत्री नमो श्रीवास्तव,शिवम शुक्ला आदि रहे।











