Unnao News: “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना” के गगनभेदी जयकारों के बीच रविवार को विकासखंड बिछिया के ग्राम नौगवां तौरा में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान और श्रद्धा के साथ विसर्जन किया गया। इसके साथ ही 14 सितंबर से शुरू हुए 13वें विशाल गणेश महोत्सव का भव्य एवं भावपूर्ण समापन हो गया। विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और भक्तों ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई दी।
नौगवां तौरा में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश महोत्सव को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महोत्सव के सात दिनों तक पूरा क्षेत्र गणपति बप्पा की भक्ति में सराबोर रहा। प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सुबह और शाम गणपति बप्पा की आरती के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
नन्हे कलाकारों ने प्रस्तुत की आकर्षक झांकियां
गणेश महोत्सव की सबसे खास बात नन्हे कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गईं विभिन्न मनमोहक झांकियां रहीं। सात दिनों तक बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भगवान गणेश के जीवन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। नन्हे कलाकारों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
महोत्सव के दौरान भक्ति गीतों और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी रही। लोगों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
विसर्जन यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
महोत्सव के अंतिम दिन गणपति बप्पा की प्रतिमा की विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गणपति प्रतिमा को विसर्जन के लिए रवाना किया। इस दौरान “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में झूमते और नाचते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।
विसर्जन के समय भक्तों की आंखें नम हो गईं। श्रद्धालुओं ने भावुक होकर भगवान गणेश से अगले वर्ष पुनः आने की प्रार्थना की। विधि-विधान के साथ गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही सात दिनों से चल रहा गणेश महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हुआ।
13वें विशाल गणेश महोत्सव को सफल बनाने में प्रियंका यादव, अनुज यादव, देवेंद्र, अवध, नीरज, कुलदीप, विशाल, अंश, शैलू, आशु और मनीष सहित क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
आयोजकों ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि लोगों को आपस में जोड़ने और सामाजिक एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी है। सभी के सहयोग और सहभागिता से महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और सम्मानित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के समापन पर आयोजकों ने अगले वर्ष गणेश महोत्सव को और भव्य एवं बेहतर तरीके से आयोजित करने का संकल्प लिया, पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्सव और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।












