उन्नाव। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह 4 बजे आगरा से लखनऊ की ओर जा रहे एक डीसीएम में पीछे से चल रही स्लीपर बस की भिड़ंत हो गई। हादसा होते ही बस में सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में 10 से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे की सूचना पर डीएम मौके पर पहुंची। कोहरे के चलते हादसा हुआ है। औरास थाना क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 268 पर सोमवार सुबह चार बजे आगरा से लखनऊ की ओर डीसीएम कोहरे के चलते धीमी रफ्तार में जा रहा था। पीछे से गुजरात के राजकोट से लखीमपुर के तिकुनिया बॉर्डर को जा रही स्लीपर बस की भिड़ंत हो गई। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना औरास थाना पुलिस को मिली। मौके पर औरास प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। हसनगंज के एसडीएम अंकित शुक्ला ने बताया कि एक्सीडेंट की सूचना पर तत्काल प्रभाव से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। बस में सवार एक यात्री दीपेन्द्र ने बताया, ”हम लोग नेपाली लोग हैं। हम लोग राजकोट से नेपाल के लिए जा रहे थे। पलिया स्टाप तक जाना था। राजकोट में नौकरी करने गए थे। वहीं से लौट रहे थे। तीन बजे एक होटल में हम लोगों ने खाना खाया। यात्री ने बताया कि होटल में चालक और परिचालक ने शराब पी। इसके बाद इन लोगों ओवर कॉन्फिडेंस आ गया। हम लोगों ने चालक से कहा कि कोहरे के कारण बस चलाने में दिक्कत आ रही हो तो बस को साइड में लगा लो, पांच- छह घंटे बाद निकल लेंगे, लेकिन ड्राइवर ने हम लोगों की नहीं सुनी। कहा कि तुमको बैठना हो तो बैठो नहीं तो उतर जाओ। इसके 20 मिनट बाद जोर से धमाका हुआ और हादसा हो गया। एक महिला बचने के लिए खिड़की से कुदी उसको पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गई। उसने बताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों ने हम लोगों की बहुत मदद की है। हम लोगों के लिए अलाव की व्यवस्था की है। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।