Unnao News: जनपद के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र स्थित दबौली गंगा घाट पर एक 20 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं परिजनों ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मृतक की पहचान श्रीयांश तिवारी (20) पुत्र निवासी करोवन, कोतवाली उन्नाव के रूप में हुई है। वह बीकॉम का छात्र था और लखनऊ में पार्ट-टाइम नौकरी भी करता था।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को श्रीयांश घर से यह कहकर निकला था कि वह लखनऊ काम पर जा रहा है। आरोप है कि लखनऊ से आए उसके चार दोस्त उसे अपने साथ फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के दबौली गंगा घाट ले गए, जहां मंदिर दर्शन और गंगा स्नान के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गया। घटना की सूचना दोस्तों ने ही फोन कर परिवार को दी।
बताया गया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे श्रीयांश दबौली घाट पहुंचा था। इसके बाद वह गंगा में स्नान करने गया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू किया।
रविवार सुबह गोताखोरों ने गंगा से श्रीयांश का शव बरामद कर लिया। दोपहर में परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतक के चाचा कमलेश तिवारी ने आरोप लगाया कि श्रीयांश को उसके चार दोस्त अपने साथ ले गए थे। उन्होंने कहा कि परिवार को घटना को लेकर संदेह है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच होनी चाहिए। परिजनों ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
श्रीयांश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
फतेहपुर चौरासी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
रिपोर्ट- अनिल कुमार यादव











