गंज मुरादाबाद(उन्नाव)। थाना बेहटा मुजावर क्षेत्र के अंतर्गत रूरी गांव में चोरों ने इंग्लिश कंपोजिट शराब की दुकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से नगदी के साथ करीब 35 से 40 हजार रुपये कीमत की शराब चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि रूरी में कंपोजिट शराब की दुकान मुख्य सड़क पर स्थित है, इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर दुकान में चोरी कर दी। सड़क किनारे स्थित दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो रहा है।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि यदि मुख्य मार्ग पर स्थित दुकान ही चोरों से सुरक्षित नहीं है, तो गांव के अंदर स्थित दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत होगी। लोगों का कहना है कि पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में गश्त किए जाने के दावे के बावजूद चोरों ने इतनी आसानी से वारदात को अंजाम दे दिया।
चोरी की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
अब सभी की नजरें थाना बेहटा मुजावर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। पुलिस द्वारा घटना की जांच कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखने वाली बात होगी। साथ ही पुलिस के लिए यह चुनौती भी है कि जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा कर सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल, रूरी में मुख्य सड़क पर स्थित शराब की दुकान में हुई इस चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
… रिपोर्ट- अनिल कुमार यादव











