Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा और उद्यमिता परिदृश्य में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार पूर्वांचल क्षेत्र के स्टार्टअप इकोसिस्टम, नवाचार और युवाओं की उद्यमिता क्षमता को एक मंच पर लाने के लिए ‘पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद-2026’ का आयोजन होने जा रहा है। आगामी बुधवार, 4 नवंबर को यह ऐतिहासिक समागम प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज एवं डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। यह प्रदेश का पहला ऐसा आयोजन होगा, जहां पूर्वांचल के 17 विश्वविद्यालयों के कुलपति और वरिष्ठ प्रतिनिधि एक साथ एक मंच पर बैठकर स्टार्टअप नीति और युवाओं के विचारों को धरातल पर उतारने की रणनीति तय करेंगे। इस महामंथन में 6 विशेष प्रतिनिधियों सहित 100 से अधिक विश्वविद्यालयीय प्रतिनिधि, रज्जू भय्या विवि से संबद्ध कॉलेजों के 100 से अधिक प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी भाग लेंगे। साथ ही विवि परिसर के 400 से अधिक शिक्षक-छात्र और एकेटीयू के 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। कुल मिलाकर 1000 से अधिक प्रतिभागी इस पहले और अनूठे संवाद के साक्षी बनेंगे। इस वृहद आयोजन का मुख्य केंद्र स्टार्टअप एक्सपो होगा। पहली बार पूर्वांचल केंद्रित इस एक्सपो में 50 से अधिक स्टार्टअप्स अपने नवाचार, उत्पाद और प्रोटोटाइप प्रदर्शित करेंगे। इनमें 20 स्टार्टअप सीधे पूर्वांचल के विश्वविद्यालयों से जुड़े हैं। दिनभर चलने वाले कार्यक्रम में तीन तकनीकी सत्र, एक उच्चस्तरीय पैनल डिस्कशन और फंडिंग व मेंटरशिप को लेकर एक विशेष गोलमेज (राउंड टेबल) बैठक भी होगी।

कार्यक्रम के दौरान माननीय कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इनमें 2 कॉन्फ्रेंस कक्ष, 1 सेमिनार कक्ष, एक अत्याधुनिक फिटनेस स्टूडियो और विशेष ‘आयुध संग्रहालय’ शामिल हैं। विवि प्रशासन के अनुसार, यह पहला आयोजन पूर्वांचल के टियर-2 और टियर-3 शहरों के नवाचारी युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के निवेशकों और मेंटर्स से सीधे जोड़ने का ऐतिहासिक जरिया बनेगा।











