Unnao News: जिले में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खराब पड़े ट्रांसफार्मरों तथा जर्जर विद्युत लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब हैं, वहां उन्हें जल्द से जल्द ठीक कराया जाए अथवा आवश्यकता के अनुसार बदला जाए, ताकि ग्रामीणों और नगरवासियों को बिजली की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों का निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। विशेष रूप से ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए जहां जर्जर तारों या विद्युत उपकरणों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े विद्युत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण कराकर इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने खराब ट्रांसफार्मरों और जर्जर विद्युत लाइनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने की बात कही। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके।
रिपोर्ट- अवधेश कुमार











