चकलवंशी/माखी थाना क्षेत्र।के पंचायत कोरारी कला के ग्राम पारा में पिछले दो दिनों से चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। एक ही घर में लगातार दो बार चोर के घुसने और उसी रात एक अन्य घर से बकरी चोरी होने की घटना सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के चलते गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार 18 तारीख को बाबू पुत्र स्वर्गीय पट्टे के घर में एक चोर छत के रास्ते सीढ़ियों से नीचे उतरकर घर के अंदर दाखिल हो गया। उस समय बाबू की पत्नी खेत गई हुई थीं और घर में कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि चोर ने अंदर से घर का दरवाजा बंद कर लिया।
कुछ देर बाद जब बाबू की पत्नी खेत से वापस घर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। उन्हें घर के अंदर किसी के होने का शक हुआ। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे, तब तक चोर घर से निकलकर फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि बाबू का मकान गांव के बाहरी हिस्से में स्थित है।
चोर का आतंक यहीं नहीं रुका। उसी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच राम सजीवन पुत्र स्वर्गीय कल्लू के घर से एक बकरी चोरी हो गई। घटना के समय किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जानकारी होने पर ग्रामीणों में चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता और बढ़ गई।
अगले दिन फिर उसी घर में 19 तारीख को बाबू के घर में एक बार फिर चोर के घुसने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि बाबू की पत्नी जब खेत से घर वापस आईं तो घर का दरवाजा दोबारा अंदर से बंद मिला। उन्हें फिर से घर के अंदर किसी के मौजूद होने का शक हुआ और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन लोगों के पहुंचने से पहले ही चोर एक बार फिर भागने में कामयाब हो गया।
लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से ग्राम पारा के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोर को पकड़ा नहीं गया तो आने वाले दिनों में बड़ी घटना हो सकती है।
आशीष कुमार रिपोर्टः











