उन्नाव। जिले में लगातार हो रही चोरियों के बीच बांगरमऊ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की स्पोर्ट्स बाइक, नकदी और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 2.25 लाख रुपये कीमत की यामाहा आर वन-5 स्पोर्ट्स बाइक, 16 हजार रुपये नकद और 305 रुपये की रेजगारी बरामद हुई है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे लोहे की सरिया, टॉर्च, हथौड़ी, प्लास, पेचकस, छेनी, आरी ब्लेड और चाबियों का गुच्छा भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राज कश्यप उर्फ रजत, राजा कश्यप और साहिल उर्फ मोहम्मद रहमान उर्फ राहुल उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जो कांशीराम कालोनी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार राज कश्यप इस गैंग का सरगना है और पहले भी गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुका है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महंगी स्पोर्ट्स बाइक का इस्तेमाल चोरी करने और शौक पूरा करने के लिए करते थे। करीब पांच माह पहले आरएस चौराहे पर सात दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने की घटना को भी उन्होंने अंजाम दिया था। इसके अलावा मांखी थाना क्षेत्र में भी घरों में चोरी की वारदात को कबूला है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह सिर्फ उन्नाव ही नहीं बल्कि लखनऊ, कानपुर, जालौन, झांसी और अन्य जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। गिरोह के सदस्यों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है। पूरी कार्रवाई निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अन्सार हुसैन रिजवी, सुरेन्द्र यादव और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का सफाया किया जा सके।
रिपोर्टः आशीष कुमार












