उन्नाव। थाना अचलगंज क्षेत्र के ग्राम बंथर में मंदिर परिसर के पास ग्राम समाज की भूमि पर जबरन अवैध प्लाटिंग किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने शिकायत प्रार्थना पत्र देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम व पोस्ट बंथर में स्थित क्षत्तेश्वर बाबा धाम मंदिर से न केवल गांव बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। मंदिर परिसर के बगल में स्थित ग्राम समाज की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर अवैध प्लाटिंग किए जाने का आरोप लगाया गया है। बता दे कि ग्रामीणों का कहना है कि यदि ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर लिया गया तो मंदिर की शांति भंग होने के साथ-साथ क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें डराया-धमकाया गया और कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इससे गांव के लोग भयभीत हैं। बताया गया कि इस मामले में ग्रामीणों ने 2 जनवरी 2026 को थाना अचलगंज में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन अब तक इस प्रकरण में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से बचाया जा सके और गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे।
रिपोर्टःआशीष कुमार












