चकलवंशी उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोरारी कला में आगजनी की एक घटना से किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। यहां अज्ञात व्यक्ति द्वारा किसान के धान के खेत में कुटाई के लिए इकट्ठा करके रखे गए धान के पूरों में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और किसान की महीनों की मेहनत कुछ ही देर में जलकर राख हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान सचिन सिंह पुत्र स्वर्गीय कुंवर बहादुर ने अपने खेत में धान की फसल काटने के बाद कुटाई के लिए सभी पूरों को एक जगह इकट्ठा करके रखा था। किसान का आरोप है कि बीती रात करीब 9:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगा दी। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में किसान का इकट्ठा किया गया पूरा धान जलकर राख हो गया।
न पुरानी रंजिश, न किसी से विवाद, फिर किसने लगाई आग?
पीड़ित किसान सचिन सिंह का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद नहीं है। इसके बावजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मेहनत की कमाई को आग के हवाले कर दिया। किसान के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। खेत में रखी पूरी फसल जल जाने से परिवार की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने माखी थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आग लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति का पता लगाकर उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मौके पर पहुंचे लेखपाल, मुआवजे का मिला आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ यादव मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेते हुए जांच की। उन्होंने पीड़ित किसान को आश्वासन दिया कि हुए नुकसान के आकलन के बाद नियमानुसार मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसान की मेहनत को आग के हवाले करने वाला शख्स कौन है? क्या पुलिस जांच में आरोपी का चेहरा सामने आएगा और पीड़ित किसान को उसके नुकसान का उचित मुआवजा मिल पाएगा? फिलहाल किसान को पुलिस जांच और प्रशासनिक मदद का इंतजार है।
आशीष कुमार | पत्रकार











