ब्यूरो रिपोर्ट
टीकमगढ़। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के स्पष्ट निर्देशों के बाद खनिज विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार रात खनिज विभाग की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण एवं चेकिंग के दौरान ओवरलोड रेत से भरे एक डंपर को पकड़कर जब्त किया, जिससे अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला खनिज अधिकारी विपुल कुमार रावत के नेतृत्व में खनिज अमले द्वारा जिले के विभिन्न मार्गों पर रात्रिकालीन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक डंपर अत्यधिक मात्रा में रेत भरकर अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच में ओवरलोड पाए जाने पर डंपर को मौके पर ही जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई और उसे देहात थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया।
खनिज विभाग की सख्ती यहीं तक सीमित नहीं रही। इसके एक दिन पहले शुक्रवार को भी खनिज अमले ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया था। उक्त वाहन को भी देहात थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। लगातार दो दिनों की कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि अब अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खनिज विभाग ने बताया कि अवैध खनिज परिवहन से न केवल शासन को राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचती है। इसी को देखते हुए जिले में निगरानी बढ़ाई गई है और दिन के साथ-साथ रात में भी जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत जुर्माना और अन्य सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल है। खनिज विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और किसी भी दबाव या सिफारिश को महत्व नहीं दिया जाएगा। जिले में कानून के दायरे में रहकर ही खनिज का परिवहन किया जा सकेगा, अन्यथा सख्त परिणाम भुगतने होंगे।












