उन्नाव। पुलिस की सक्रियता के चलते एक और बड़ी वारदात का खुलासा हो गया। अजगैन थाना क्षेत्र में देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ही आरोपी कुछ दिन पहले ट्रक चालक को धमकाकर नगदी और ऑनलाइन पैसे हड़पने की वारदात में शामिल थे। रविवार रात अजगैन पुलिस टीम पक्षी विहार रिंग रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक टीवीएस स्पोर्ट बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर कन्हईखेड़ा की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी की तो बदमाश बाइक छोड़कर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोविन्द के पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि दूसरा आरोपी राहुल उर्फ गोलू कुछ दूरी पर दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 9 मार्च को नवाबगंज टोल प्लाजा और पक्षी विहार के बीच एक ट्रक चालक को डराकर उससे 8 हजार रुपये नकद और 21,225 रुपये यूपीआई के जरिए अपने मोबाइल नंबरों पर ट्रांसफर कराए थे। इस मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका था और पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन, 2800 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल गोविन्द को इलाज के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है।पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। गोविन्द पर छह और राहुल पर नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी करन की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
रिपोर्टः आशीष कुमार












