उन्नाव। पुरवा तहसील क्षेत्र के पश्चिम गांव में सोमवार दोपहर 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन में स्पार्किंग से गेहूं के खेतों में आग लग गई। इस घटना में लगभग 7 से 8 बीघा तैयार गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। लाइन से निकली चिंगारियां नीचे खड़ी सूखी और पक चुकी गेहूं की फसल पर गिरीं। उस समय तेज हवा चलने के कारण आग तेजी से फैल गई और आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ गए। आग की लपटें देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। किसानों और ग्रामीणों ने पानी, मिट्टी और टहनियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह जल चुकी थी। इस आगजनी में पश्चिम गांव निवासी बिंदाना पत्नी झूरी लाल, नंद किशोर, भोंडाई व सज्जन पुत्रगण प्रभु तथा रघुराज पुत्र रामभरोसे की फसलें नष्ट हो गईं। किसानों ने बताया कि फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी और कुछ ही दिनों में कटाई शुरू होने वाली थी।
रिपोर्टः आशीष कुमार











