चार दिवसीय आयोजन के समापन पर जुटे जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों श्रद्धालु
उन्नाव। श्री हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सिविल लाइंस स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ श्री बालाजी मंदिर में आयोजित चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का समापन भव्य कन्या भोज व भंडारे के साथ हुआ। अंतिम दिवस मंदिर परिसर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिला पंचायत प्रतिनिधि शशांक शेखर शनी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, भाजपा नेता विमल द्विवेदी, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि प्रवीण भानू मिश्रा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, पूर्व बार अध्यक्ष सतीश शुक्ला सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, एडिशनल एसपी अखिलेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मंदिर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुबह 10 बजे आरती-पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके उपरांत कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से कन्याओं को भोजन कराकर पुण्य अर्जित किया। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों, जयकारों और मंत्रोच्चार की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। देर रात तक भंडारे का क्रम निरंतर चलता रहा, जिसमें अन्य जनपदों से आए श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्री बाला जी मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष महंत गोपाल कृष्ण त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि कन्या पूजन और भंडारा भारतीय संस्कृति की सेवा भावना का प्रतीक है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि समाज में समरसता और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अनुशासन, भक्ति और सामाजिक समर्पण का अद्भुत संगम इस आयोजन में देखने को मिला, जिसने श्रद्धालुओं के मन में गहरी छाप छोड़ी।
रिपोर्टः आशीष कुमार












