उन्नाव। सिकंदरपुर चौरासी ब्लॉक स्थित आदर्श पुरम सर्वोच्च में स्थित आदर्श सरस्वती विद्या मंदिर का 22वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सायंकाल आयोजित इस भव्य वार्षिक उत्सव में दो दर्जन से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने अपनी विधायक निधि से पूर्व में स्थापित कराए गए वाटर कूलर एवं आरओ प्लांट का फीता काटकर उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे निरंतर जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही उन्होंने सरोसी कारवां मार्ग के सुधार हेतु प्रस्ताव पास कराए जाने की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में पहुंचे सीनियर इंस्पेक्टर अनूप कुमार ने भी छात्र-छात्राओं को प्रेरणादायक संबोधन दिया, जिसे सुनकर बच्चों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं। इस दौरान विद्यालय के पूर्व छात्रों का भी विशेष सम्मान किया गया, जिसमें आकाश चौधरी, अंबुज मिश्रा, विवेक और दुर्गेश सहित अन्य को माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके मार्गदर्शक अध्यापकों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विष्णु प्रकाश बाजपेई ने अपने उद्बोधन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। वहीं विद्यालय के अध्यक्ष पूर्वी दीक्षित ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रबंधक मनोज कुमारी वाजपेई द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और प्रेरणा के साथ हुआ, जिसने सभी के मन में अविस्मरणीय छाप छोड़ी।
रिपोर्टः आशीष कुमार











