जिला ब्यूरो/मनोज सिंह
टीकमगढ़।बल्देवगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कार्यरत समस्त आशा कार्यकर्ताओं ने छह माह से मानदेय नहीं मिलने को लेकर विरोध जताया है। मंगलवार को आशा कार्यकर्ताएं विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण में एकत्रित हुईं, जहां उन्होंने सामूहिक बैठक कर अपनी समस्याओं पर चर्चा की।
आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य पूरी निष्ठा और कठिन परिश्रम से करती हैं, इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कई बार वाउचर में कटौती कर मानदेय दिया जाता है, जिसे उन्होंने अपने साथ खुला शोषण बताया।
बैठक के उपरांत आशा कार्यकर्ताओं ने खंड चिकित्सा अधिकारी अंकित त्रिपाठी को लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि छह माह से मानदेय न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है।
आशा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि लंबित मानदेय का भुगतान एकमुश्त किया जाए तथा भविष्य में मानदेय भुगतान की निश्चित समय-सीमा तय कर उसे लिखित रूप में बताया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर भुगतान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होंगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान गायत्री साहू, अभिलाषा राय, आशा कुशवाहा, रश्मि देवी लोधी, अनीता लोधी, पार्वती अहिरवार, गनेश राजा सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं।












