मनोज सिंह/जिला ब्यूरो
टीकमगढ़।जिले के बड़ागांव धसान में 12 सितंबर की रात हुई बुजुर्ग की हत्या और लूट के मामले का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा किया है। शाम 5.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी ने बताया कि घटना के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान करीब 125 लोगों से पूछताछ की गई।एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि 13 सितंबर को सूचना मिली थी कि बड़ागांव में वृत्ति चंद जैन की हत्या कर दी गई है। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर 70 वर्षीय वृत्ति चंद जैन और उनकी पत्नी पुष्पा जैन खून से लथपथ पड़े थे।वृत्ति चंद जैन की मृत्यु हो चुकी थी और पुष्पा जैन गंभीर रूप से घायल थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घर में चोरी होने के निशान भी मिले। थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 331(7), 331(8),109,103, 307, 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू की।बाद में धारा 309(2) का इजाफा किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए 8 पुलिस टीमें गठित की गईं थीं। आईजी सागर ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।एसपी ने बताया कि जांच के दौरान 200 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साइबर सेल, एफएसएल, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली गई। टीकमगढ़ सहित आसपास के जिलों के करीब 125 बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की गई। मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई गई। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस दोनों मुख्य आरोपियों तक पहुंच सकी।
एसपी ने बताया कि हत्या और लूट के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी छतरपुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी रूपेश उर्फ अंकित पटेरिया पिता कैलाश पटेरिया (32) निवासी कछिया खेरा ग्राम बुदोर चौकी घुवारा थाना भगवा और दीपक पिता बारेलाल कुशवाहा (26) निवासी ग्राम बुदोर चौकी घुवारा थाना भगवा जिला छतरपुर के निवासी हैं।खुलासे के दौरान पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अंकित पटेरिया बड़ागांव में किराए के मकान में रहता था। चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में लगातार रैकी कर रहा था। घटना को अंजाम देने से पहले उसने मृतक वृत्ति चंद जैन के घर की रैकी की और पता लगाया कि बुजुर्ग दंपति अकेले रहते हैं।
फिर उसने अपने साथी दीपक कुशवाहा के साथ मिलकर घटना के दिन मृतक के घर में छत से प्रवेश किया। उनका इरादा चोरी करने का था, लेकिन बुजुर्ग वृत्ति चंद जाग गए और उन्हें पहचान लिया। इसके बाद आरोपियों ने वृत्ति चंद जैन और उनकी पत्नी पर सब्बल से हमला कर दिया और लूट की घटना को अंजाम दिया।एसपी ने बताया कि आरोपी दीपक कुशवाहा से 89 हजार रुपए के आभूषण और 21 हजार रुपए रुपए नगद बरामद किए गए। आरोपी रूपेश उर्फ अंकित पटेरिया से 64 हजार रुपए के जेवर, 35,500 रुपए नगद, करीब 50 हजार कीमत की एक पुरानी बाइक और घटना में इस्तेमाल किया गया सब्बल बरामद किया गया है। कुल बरामद मशरूका 259,600 रुपए है।