जिला ब्यूरो/मनोज सिंह
पानी को मची त्राहि-त्राहि, सडक़ों पर उतरे लोग, जाम लगाकर नारेबाजी की
पानी नहीं, तो वोट नहीं, करेंगे
चुनाव का बहिष्कार
टीकमगढ़। चुनाव की तिथि ज्यौ-ज्यौ नजदीक आ रही है, त्यौ-त्यौ लोगों का आक्रोश फूटने लगा है। शहर के अनेक इलाकों में मचे पानी के संकट ने लोगों की नाराजगी को बढ़ा दिया है। नगर में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है। एक ओर जहां नगर पालिका लोगों से पानी का पूरे एक माह का कर बसूल रही है,वहीं नगर में बमुश्किल पांच से सात दिन पानी दिया जा रहा है। दम तोड़ती पेयजल व्यवस्था ने आम लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। यहां पानी की बढ़ती किल्लत को लेकर लोग सडक़ों पर आने लगे हैं। उन्होंने चक्का जाम कर नारेबाजी की और पानी देने की मांग की। बताया गया है कि नगर पालिका अंतर्गत शहर के कई भागों में पानी की समस्या बनी हुई है। इस भीषण गर्मी में लोगों को पीने के पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। लोग परेशान हो रहे हैं। हफ्ते में एक बार पानी की सप्लाई होती हैं। कहीं-कहीं तो हफ्ते भर भी पानी की सप्लाई नहीं होती, जिससे आम जनता बहुत परेशान हो रही है। परेशानी बढऩे के कारण आज वार्ड नंबर 9 एवं वार्ड नंबर 7 के लोगों द्वारा चक्का जाम किया गया और पानी नहीं तो वोट नहीं की नारे लगाए गए। वार्ड वासियों का कहना है कि इस बार चुनाव का बहिष्कार करते हैं। पानी की समस्या दूर नहीं हो रही है, तो इस बार मतदान नहीं करेंगे। चक्का जाम की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाया, लेकिन लोगों द्वारा कहा गया कि जब तक प्रशासनिक अधिकारी नहीं आयेंगे, जब तक जाम नहीं हटाएंगे। काफ ी देर बाद नगर पालिका सीएमओ रीता कैलसिया मौके पर पहुंचीं और लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों द्वारा बताया गया है कि पानी की सप्लाई प्रभारी देवेंद्र नापित द्वारा पानी की सप्लाई सही तरीके से नहीं की जाती और वह बदतमीजी से बात करते हैं। नगर पालिका सीएमओ द्वारा आश्वासन दिया गया है कि उनकी पानी की समस्या का निराकरण किया जाएगा। लेकिन कई वार्डों में यह समस्या बनी हुई है, आज यहां जाम लगाया गया है, कल कहीं और जाम लगाया जा सकता है। पानी की समस्या इस गर्मी में लोगों को परेशानी का सबब बनी हुई है, अब देखना यह है कि प्रशासन इस ओर ध्यान देता है या नहीं।