उन्नाव। साइबर अपराधियों के बढ़ते जाल के बीच उन्नाव पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से ठगों के मंसूबों को नाकाम किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक उन्नाव के कुशल निर्देशन में थाना साइबर क्राइम टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर फ्रॉड के दो मामलों में पीड़ितों से ठगे गए कुल 60,822 रुपये की पूरी धनराशि उनके खातों में वापस कराई है। इस सराहनीय कार्रवाई से न सिर्फ पीड़ितों को राहत मिली है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
पहले मामले में पुरवा क्षेत्र के त्रिपुरारपुर निवासी अर्जुन सिंह साइबर ठगों के जाल में फंस गए। अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी तरीके से रिमोट एप का सहारा लेकर उनके मोबाइल से ओटीपी हासिल कर लिया और देखते ही देखते उनके खाते से 25,822 रुपये उड़ा लिए। ठगी का एहसास होते ही अर्जुन सिंह ने बिना देर किए 23 दिसंबर 2025 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम टीम हरकत में आई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित मर्चेंट से त्वरित पत्राचार कर ट्रांजेक्शन को रोक दिया गया। टीम की सूझबूझ और तेजी का नतीजा यह रहा कि पूरी धनराशि अर्जुन सिंह के खाते में सुरक्षित वापस पहुंच गई।
दूसरे मामले में देवेन्द्र कुमार साइबर ठगी का शिकार हुए, जहां अज्ञात आरोपी ने उनके फोन को हैक कर उनके खाते से 35,000 रुपये निकाल लिए। जब उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने भी तुरंत साइबर थाने में प्रार्थना पत्र दिया। साइबर क्राइम टीम ने इस मामले में भी बिना समय गंवाए तकनीकी प्रक्रिया अपनाई और संबंधित मर्चेंट से समन्वय कर ट्रांजेक्शन को समय रहते रोक दिया। परिणामस्वरूप देवेन्द्र कुमार की पूरी रकम उनके खाते में वापस कर दी गई।
इन दोनों मामलों में थाना साइबर क्राइम की टीम ने जिस तत्परता, तकनीकी दक्षता और पेशेवर कार्यशैली का परिचय दिया, वह काबिले-तारीफ है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाठक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र, मुख्य आरक्षी राधेश्याम, महिला मुख्य आरक्षी अर्चना पाण्डेय एवं कुंती अग्रवाल, आरक्षी शमसुद्दीन, संजय कुमार और पंकज यादव की अहम भूमिका रही।
उन्नाव पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के लिए साफ संदेश है कि डिजिटल दुनिया में की गई ठगी अब सुरक्षित नहीं है। साथ ही आम जनता के लिए यह उदाहरण भी है कि यदि वे समय रहते शिकायत दर्ज कराते हैं तो पुलिस उनके साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।












