उन्नाव। गुरुवार को “नर सेवा नारायण सेवा” के तत्वावधान में प्रांतीय मंत्री एवं प्रभारी विमल द्विवेदी के नेतृत्व में तुलसी पूजन यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के माध्यम से शहर में धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय चेतना का संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान हिंदू जागरण मंच द्वारा 51 हजार तुलसी के पौधों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। बता दे की यह यात्रा पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी भव्य रही। पूरा शहर भगवा ध्वजों से सजा हुआ था। जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती आकर्षक झांकियां, दर्जनों घोड़े और गजराज इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रहे। “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के जयघोषों के बीच आमजन की भारी भागीदारी देखी गई। हिंदू जागरण मंच पिछले एक माह से तुलसी के पौधे वितरण का अभियान चला रहा था, जो यात्रा मार्ग पर भी जारी रहा। लोगों ने जगह-जगह रुककर तुलसी के पौधे प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त, कार्यकर्ताओं ने भारत माता के चित्र वाले कैलेंडर भी वितरित किए। यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर आवास विकास स्थित वृंदावन गार्डन तक पहुंची। यहां पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विमल द्विवेदी ने सनातन परंपरा में तुलसी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तुलसी एक पूज्य और गुणकारी पौधा है, जिसने कोरोना काल में भी लोगों को लाभ पहुंचाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक के सजावटी पौधों के बजाय तुलसी जैसे उपयोगी पौधे अपने घरों में लगाएं। द्विवेदी ने भारतीय संस्कृति को वैज्ञानिक आधार वाली जीवंत संस्कृति बताया और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने धर्मांतरण से जुड़े विषयों पर भी बात की और केंद्र सरकार से इस संबंध में कड़े कानून बनाने की मांग की। अन्य वक्ताओं ने भी इन विचारों का समर्थन किया। यात्रा और कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता, आश्रम कानपुर से प्रतिनिधि, जिला प्रभारी कमलेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी और जिला कारवा आशीष सिंह जैसे विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष अजय त्रिवेदी ने किया। यह पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
रिपोर्टः आशीष कुमार ,जिला संवाददाता












