महिला ने पुलिस पर 40 हजार रूपए लेने का लगाया आरोप
उन्नाव। गंगा घाट कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली नाबालिग किशोरी के साथ एक युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। जिसके बाद परिजनों ने शुक्रवार की देर रात तहरीर देकर मुख्य आरोपी के साथ चार अन्य लोगों पर छेड़छाड़, मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को 2 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की मां देर रात गंगाघाट कोतवाली पहुंची और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। यह देख पुलिस ने उसे समय रहते बचा लिया। महिला ने कोतवाली परिसर में घंटों हंगामा काटा। इस दौरान थाने में ड्रामा चलता रहा। एक गांव निवासी महिला ने गंगा घाट कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि गांव के रहने वाले विवेक ने नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिस पर पुलिस ने विवेक के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके साथ ही महिला ने आरोपी युवक के परिजनों के खिलाफ भी तहरीर दी। पुलिस ने सभी पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उससे 40 हजार रुपये भी ले लिए और उसके पक्ष को सुना भी नहीं गया। यह बवाल देर रात तक चलता रहा। जिसके बाद उसे समझा-बुझाकर घर भेजा। इस बाबत गंगा घाट कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी पर पॉक्सो एक्ट में और घर के चार अन्य मां,बेटी भाई लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
रिपोर्ट: आशीष सिंह